छत्तीसगढसंपादकीय

मिचेल स्टार्क बने IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी: दुबई में आईपीएल का मिनी ऑक्शन जारी… 7 अनकैप्ड प्लेयर बने करोड़पति

दुबई। जिस पल का क्रिकेट प्रेमियों को इंतजार रहता है वो पल है आईपीएल ऑक्शन। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मिनी ऑक्शन दुबई में जारी है। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उन्हें 24.75 करोड़ रुपए में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा, उनके लिए गुजरात ने भी आखिर तक बोली लगाई। 7 अनकैप्ड प्लेयर करोड़पति बने। समीर रिजवी को चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा। शुभम दुबे 5.80 करोड़ रुपए में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने। वहीं शाहरुख खान को 7.40 करोड़ रुपए में गुजरात ने खरीदा। कीपर कुमार कुशाग्र को 7.20 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। गेंदबाज यश दयाल को 5 करोड़ रुपए में बेंगलुरु ने खरीदा।

ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस 20.50 करोड़ रुपए में बिके। उन्हें स्टार्क से डेढ़ घंटे पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था। हर्षल पटेल इस ऑक्शन में सबसे महंगे भारतीय बने। उन्हें 11.75 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा। यूपी टी-20 लीग में चमकने वाले 20 साल के अनकैप्ड बैटर समीर रिजवी के लिए बिडिंग वॉर देखने को मिला। उनके लिए चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स में लड़ाई देखने को मिली। आखिर में चेन्नई ने उन्हें बेस प्राइस से 42 गुना ज्यादा कीमत देकर 8.40 करोड़ रुपए में खरीद लिया। समीर की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी। रिजवी यूपी टी-20 लीग में टॉप रन स्कोरर रहे थे। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 14 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए। रचिन रवींद्र महज 1.80 करोड़ में बिक गए। श्रीलंका के वनिंदू हसरंगा भी 1.50 करोड़ में ही हैदराबाद का हिस्सा बने। जबकि ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, साउथ अफ्रीका के राइली रुसो और न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्यूसन अनसोल्ड रहे।

2022 के ऑक्शन में 9 करोड़ में बिकने वाले अनकैप्ड बैटर शाहरुख खान फिर करोड़पति बन गए। उनके लिए पंजाब और गुजरात में बिडिंग वॉर हुआ। आखिर में उन्हें 7.40 करोड़ रुपए में गुजरात टाइटंस ने खरीद लिया। अनकैप्ड विकेटकीपर कुमार कुशाग्र करोड़पति बन गए। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 7.20 करोड़ रुपए में खरीदा। उनके लिए गुजरात टाइटंस ने भी बोली लगाई थी। कुशाग्र झारखंड से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। सेट-7 में टॉम कोहलर कैडमोर को 40 लाख में राजस्थान और रिकी भुई को 20 लाख में दिल्ली ने खरीदा। इस सेट में उर्विल पटेल और विष्णु सोलंकी अनसोल्ड रहे।

विदर्भ के अनकैप्ड लेफ्ट हैंड बैटर शुभम दुबे को बेस प्राइस से कई गुना ज्यादा बोली मिली। उनके लिए राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स में बिडिंग वॉर हुआ। उन्हें आखिर में राजस्थान ने ही बेस प्राइस से 29 गुना ज्यादा कीमत देकर 5.80 करोड़ रुपए में खरीद लिया। शुभम की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी। इस सेट में अंगकृष रघुवंशी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 लाख रुपए में खरीदा। स्लोअर बॉल स्पेशलिस्ट हर्षल पटेल के लिए गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स में बिडिंग वॉर हुआ। 10.75 करोड़ रुपए तक गुजरात ने बोली लगाई, उनके बाद लखनऊ सुपरजायंट्स भी आ गया। पंजाब फिर भी आखिर तक टिका रहा और हर्षल को 11.75 करोड़ रुपए में खरीद लिया। वह इस ऑक्शन के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी हैं।

वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ के लिए लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में बिडिंग वॉर हुआ। एक करोड़ रुपए से शुरू हुई उनकी बोली 10 करोड़ रुपए के पार पहुंच गई। आखिर में उन्हें 11.50 करोड़ रुपए में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खरीद लिया। सेट-4 में जोश हेजलवुड और लॉकी फर्ग्यूसन अनसोल्ड रहे। श्रीलंका के दिलशान मदुशंका को 4.60 करोड़ रुपए में मुंबई ने खरीदा। इस सेट में जयदेव उनादकट को 1.60 करोड़ रुपए में सनराइजर्स हैदराबाद ने स्क्वॉड में शामिल किया। इसी सेट में चेतन साकरिया को 50 लाख रुपए में कोलकाता ने खरीदा।

विकेटकीपर के सेट-3 में 5 प्लेयर्स के नाम आए, लेकिन 2 को ही खरीदार मिला। ट्रिस्टन स्टब्स को 50 लाख रुपए में दिल्ली ने खरीदा। वहीं केएस भरत को भी 50 लाख रुपए में ही कोलकाता ने खरीदा। फिल सॉल्ट, जोश इंग्लिस और कुसल मेंडिस अनसोल्ड रहे . सेट-2 में 9 ऑलराउंडर्स पर बोली लगी, सभी खरीद लिए गए। ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस, न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल और भारत के हर्षल पटेल इसी सेट में बिके। सेट के आखिर में जेराल्ड कूट्जी 5 करोड़ में मुंबई और क्रिस वोक्स 4.20 करोड़ रुपए में पंजाब का हिस्सा बने। सेट-2 में श्रीलंका के वनिंदू हसरंगा की खरीदी ने सभी को चौंका दिया। उन्हें 1.50 करोड़ रुपए की बेस प्राइस में ही सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीद लिया। अजमतुल्लाह ओमरजई को 50 लाख रुपए में गुजरात टाइटंस ने खरीदा। 50 लाख रुपए की बेस प्राइस वले रचिन रवींद्र 1.80 करोड़ रुपए में ही चेन्नई में शामिल हो गए। उनके लिए दिल्ली ने भी बोली लगाई थी।

वेस्टइंडीज के टी-20 कप्तान रोवमन पॉवेल की बोली 7 करोड़ रुपए के पार पहुंची। ऑक्शन में सबसे पहले उन्हीं का नाम आया। उनकी बेस प्राइस एक करोड़ रुपए थी और उनके लिए कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स में बिडिंग वॉर हुआ। उन्हें राजस्थान ने 7.40 करोड़ रुपए में खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे वर्ल्ड कप में हीरो रहे ट्रैविस हेड को 6.80 करोड़ रुपए में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा। उनके लिए चेन्नई ने भी बोली लगाई। हेड की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए थी। हेड ने वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में फिफ्टी और फाइनल में भारत के खिलाफ सेंचुरी लगाई थी। इंग्लैंड के मिडिल ऑर्डर बैटर हैरी ब्रूक को 4 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। उनके लिए राजस्थान ने भी बोली लगाई थी। सेट-1 में साउथ अफ्रीका के राइली रुसो और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ जैसे बड़े प्लेयर्स अनसोल्ड रहे।

Source link

anantcgtimes

लोकेश्वर सिंह ठाकुर (प्रधान संपादक) मोबाइल- 9893291742 ईमेल- anantcgtimes@gmail.com वार्ड नंबर-5, राजपूत मोहल्ला, ननकटठी, जिला-दुर्ग

Related Articles

Back to top button